कोरबा में रावण दहन से पहले पुलिस का एक्शन, दो दिन में 13 लोगों पर कार्रवाई; 7 गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  रावण दहन और आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोरबा पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। कोतवाली पुलिस ने दो दिनों के भीतर 13 लोगों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। इनमें शांति भंग करने की आशंका में सात लोगों को गिरफ्तार कर सिटी मजिस्ट्रेट के न्यायालय में पेश किया गया। वहीं, चेक बाउंस के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

गुंडा-बदमाशों और आदतन अपराधियों पर पुलिस की नजर

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में गुंडा-बदमाशों और आदतन अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 18 अक्टूबर को कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन लोगों को हिरासत में लिया, जिनसे त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी।

कार्रवाई के दौरान शहबाज अली उर्फ बुट्टू उर्फ गोलू (28), अनुराग कुमार खुटे (20), दीपक सोनवानी (21), मोहन केवट (42), विशाल दास (29), छोटू यादव (38) और सूरज दास महंत (22) को गिरफ्तार किया गया। सभी को आवश्यक कार्रवाई के बाद सिटी मजिस्ट्रेट के न्यायालय में पेश किया गया।

चेक बाउंस मामले में फरार वारंटी गिरफ्तार

पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में रामसागर पारा निवासी सुखलाल यादव (48) को गिरफ्तार किया है। वह चेक बाउंस से जुड़े मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, कोरबा के न्यायालय में परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के तहत प्रकरण लंबित है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।

हुड़दंग करने वालों पर होगी कार्रवाई

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हुड़दंग, मारपीट, शराब के नशे में गाली-गलौज अथवा किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर नागरिकों से नजदीकी थाना या चौकी को सूचित करने अथवा डायल-112 पर संपर्क करने की अपील की गई है। पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article