माइनिंग में काम करने का दिया झांसा, फिर ड्राइवर से मोबाइल और नकदी लेकर हुए फरार; 2 आरोपी गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में राहगीर से मोबाइल और नकदी झपटकर फरार होने वाले दो आरोपियों को उरगा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पहले खुद को माइनिंग में काम करने वाला बताया और बातचीत के दौरान मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से OPPO मोबाइल फोन, 500 रुपये नगद और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार घटना 17 अक्टूबर 2026 की है। प्रार्थी ट्रेलर क्रमांक CG 12 BN 4977 से गेवर्रा से रायगढ़ जा रहा था। दोपहर करीब 2 बजे कमरीचोली मेन रोड के आगे उसने अपना वाहन रोका और नीचे उतरा। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवक उसके पास पहुंचे और खुद को माइनिंग में काम करने वाला बताया।

बातचीत के दौरान दोनों ने अपना नाम केसरी नन्दन वैष्णव और ललित कुमार चौहान बताया। इसके बाद अचानक प्रार्थी का OPPO मोबाइल फोन और 500 रुपये नगद झपटकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए।

 

मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे आरोपी

घटना की शिकायत मिलने पर उरगा पुलिस ने अपराध क्रमांक 578/2026 के तहत धारा 304(2), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, गवाहों के बयान दर्ज किए और आरोपियों की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि उरगा चौक पर दो व्यक्ति मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

मोबाइल, 500 रुपये और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद

पूछताछ में पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपियों के मेमोरेण्डम कथनों के आधार पर केसरी नन्दन वैष्णव से OPPO मोबाइल फोन बरामद किया गया। वहीं, ललित कुमार चौहान से काले रंग की HF Deluxe मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BS 0751 और 500 रुपये नगद जब्त किए गए।

पुलिस ने केसरी नन्दन वैष्णव (36 वर्ष), निवासी पाण्डेय चाल, उरगा चौक तथा ललित कुमार चौहान (22 वर्ष), निवासी कटबितला, थाना उरगा, जिला कोरबा को 18 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से 24 अक्टूबर 2026 तक न्यायिक रिमाण्ड स्वीकृत किया गया।

उरगा पुलिस की त्वरित कार्रवाई में मामले के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कथित रूप से लूटा गया मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।

 

Share This Article