कोरबा में दशहरा मेले में खूनी संघर्ष: डांस के विवाद में 22 साल के राहुल की हत्या, 3 गिरफ्तार; पुलिस ने आरोपियों का आधा सिर मुंडवाया, देखें वीडियो…..

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दशहरा उत्सव के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मुड़ापार दशहरा मैदान में डांस करने को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद 22 वर्षीय राहुल कुमार उर्फ गोल्डन की हत्या कर दी गई। घटना 20 अक्टूबर की रात की बताई जा रही है। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

डांस को लेकर विवाद, फिर बढ़ा मामला

जानकारी के मुताबिक मानिकपुर चौकी क्षेत्र के मुड़ापार दशहरा मैदान में रावण दहन का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान साउंड बॉक्स पर डांस करने को लेकर राहुल कुमार और बिट्टू चौहान के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के दौरान राहुल ने बिट्टू को धक्का देने के साथ थप्पड़ मार दिया। विवाद में बिट्टू का दोस्त विजय चौहान भी शामिल हो गया। राहुल द्वारा उसे थप्पड़ मारने के बाद मामला और बिगड़ गया।

मैदान के पीछे गली में ले जाकर किया हमला

आरोप है कि विवाद से नाराज बिट्टू चौहान, विजय चौहान, सीपू चौहान और उनके साथियों ने राहुल को दशहरा मैदान के पीछे स्थित गली में ले जाकर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के समय मैदान में दशहरा उत्सव चल रहा था। इसी दौरान मंत्री लखनलाल देवांगन भी रावण दहन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद मंत्री वापस लौट गए। वहीं, मैदान के पीछे हुई इस वारदात ने उत्सव के माहौल को मातम में बदल दिया।

वीडियो के आधार पर आरोपियों तक पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। इस बीच वारदात का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की।

गिरफ्तार आरोपियों का आधा सिर मुंडवाया

पुलिस कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार आरोपियों का आधा सिर मुंडवाए जाने की जानकारी भी सामने आई है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।

एएसपी लखन पटले के मुताबिक मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बिट्टू चौहान, विजय चौहान और सीपू चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मामले में शामिल एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार को भी जब्त किया है।

Share This Article