कोरबा में नकली नोटों का खेल बेनकाब, दशहरा मेले में 200 के नोट खपा रहे दो आरोपी गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  दशहरा मेले की रौनक के बीच बाजार में नकली नोट चलाने का मामला सामने आया है। कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस ने 200 रुपये के नकली नोट खपाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी मेले में लगी दुकानों पर खरीदारी के बहाने नकली नोट चला रहे थे। एक दुकानदार की सतर्कता से उनके इस खेल का खुलासा हुआ।

पुलिस के मुताबिक कार्रवाई आरपी नगर फेस-1 इलाके में की गई। आरोपी खिलौने बेचने और ठेला लगाने की आड़ में मेले में खरीदारी करने पहुंचे लोगों और दुकानदारों के बीच नकली नोट खपाने में जुटे थे। सामान खरीदने के बदले वे 200 रुपये के नकली नोट थमा रहे थे।

नोट छूते ही दुकानदार को हुआ शक

आरोपी भीड़भाड़ वाले मेले का फायदा उठाकर अपने मंसूबों को अंजाम दे रहे थे। इसी दौरान एक दुकानदार को 200 रुपये के नोट की बनावट पर संदेह हुआ। उसने बिना शोर मचाए सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

साधारण कागज पर छाप रहे थे नकली नोट

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी साधारण कागज पर 200 रुपये के नोट की छपाई कर रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 200 रुपये के 15 नकली नोट बरामद किए हैं, जिनकी कुल अंकित कीमत 3,000 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार गिरोह में शंभू नाम का युवक नकली नोट छापने का काम करता था, जबकि दूसरा आरोपी इन नोटों को बाजार और मेले में चलाने की जिम्मेदारी संभालता था। दोनों ने हाल ही में इस गतिविधि की शुरुआत की थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें जल्द ही पकड़ लिया।

गिरोह के दूसरे सदस्यों की तलाश

एएसपी लखन पटले ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अब आरोपियों के निवास स्थान, नकली नोट छापने के ठिकाने और बाजार में अब तक चलाए गए नोटों की संख्या की जानकारी जुटा रही है। साथ ही, इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। 

Share This Article