कोरबा में चलते-चलते आग का गोला बनी इलेक्ट्रिक स्कूटी, भाई-बहन ने कूदकर बचाई जान, देखें वीडियो…

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

 

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले के भिलाईबाजार क्षेत्र में एक चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। स्कूटी पर सवार भाई-बहन ने खतरे को भांपते हुए समय रहते वाहन से छलांग लगा दी, जिससे दोनों की जान बच गई। कुछ ही देर में आग ने पूरी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार  कटकीडबरी निवासी पीयूष कंवर अपनी बहन के साथ कुसमुंडा से घर लौट रहे थे। इसी दौरान जब वे भिलाईबाजार तालाब के पास पहुंचे, तो अचानक उनकी इलेक्ट्रिक स्कूटी से धुआं निकलने लगा। शुरुआत में धुआं दिखाई दिया, लेकिन देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और स्कूटी में आग की लपटें उठने लगीं।

देखते ही देखते धू-धूकर जलने लगी स्कूटी

वाहन से धुआं निकलता देख भाई-बहन सतर्क हो गए। दोनों ने स्कूटी से उतरकर खुद को सुरक्षित किया। उनके हटते ही आग तेजी से फैल गई और पूरी स्कूटी जलने लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वाहन बुरी तरह जल चुका था।

बाल-बाल बची भाई-बहन की जान

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहत की बात यह रही कि दोनों समय रहते स्कूटी से दूर हो गए और किसी गंभीर चोट की सूचना सामने नहीं आई। थोड़ी सी भी देरी बड़ा हादसा बन सकती थी।

पहले भी सामने आ चुकी है ऐसी घटना

कोरबा जिले में इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगने की यह पहली घटना नहीं बताई जा रही है। इससे पहले कटघोरा कॉलेज के पास भी इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगने की घटना सामने आई थी। उस घटना में भी स्कूटी पर सवार परिवार बाल-बाल बचा था।

 

Share This Article