कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले में अवैध महुआ शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में आबकारी वृत्त दीपका की टीम ने ज्योतिनगर और मुड़ापार में तीन अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर तीन आरोपियों को पकड़ा। कार्रवाई के दौरान कुल 26.7 लीटर महुआ शराब और 45 किलो महुआ लाहन बरामद किया गया। विभाग ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है।
ज्योतिनगर में शराब बेचने का आरोप, 9 लीटर जब्त
आबकारी विभाग की पहली कार्रवाई दीपका के ज्योतिनगर इलाके में हुई। यहां 26 वर्षीय सोमनाथ यादव, पिता हरस्वरूप यादव, निवासी ज्योतिनगर दीपका के कब्जे से 9 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। विभाग के अनुसार, संबंधित ठिकाना शासकीय मदिरा दुकान से करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। आरोपी पर अवैध रूप से महुआ शराब बेचने का आरोप है।
मुड़ापार में दो कार्रवाई, महुआ लाहन भी मिला
दूसरी कार्रवाई हरदीबाजार थाना क्षेत्र के मुड़ापार में की गई। यहां 37 वर्षीय जन सिंह धनवार, पिता फिरत राम, निवासी मुड़ापार के पास से 9.2 लीटर महुआ शराब के साथ 45 किलो महुआ लाहन जब्त किया गया। आबकारी विभाग के मुताबिक, यह ठिकाना हरदीबाजार की शासकीय मदिरा दुकान से लगभग दो किलोमीटर दूर है।
इसी क्षेत्र में हुई तीसरी कार्रवाई के दौरान 23 वर्षीय गणेश धनवार, पिता कार्तिक राम, निवासी मुड़ापार को 8.5 लीटर महुआ शराब के साथ पकड़ा गया। विभाग ने उसके खिलाफ भी अवैध शराब बिक्री के मामले में कार्रवाई की है।
तीनों स्थानों पर की गई कार्रवाई आबकारी उपनिरीक्षक दीपमाला लक्षवानी के नेतृत्व में हुई। टीम में आबकारी मुख्य आरक्षक दसराम सिदार और आबकारी आरक्षक अभिषेक चौहान शामिल थे।
कोरबा में अवैध महुआ शराब पर आबकारी विभाग का शिकंजा, 3 आरोपी गिरफ्तार
