कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में नाबालिग बालिका के अपहरण और हत्या के गंभीर मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। बालिका का शव मिलने के 12 घंटे के भीतर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के आरोपी अमित चौहान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, लास्ट सीन थ्योरी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की थी।

19 अक्टूबर से लापता थी बालिका
पुलिस के अनुसार 19 अक्टूबर 2026 को रजगामार क्षेत्र से नाबालिग बालिका लापता हो गई थी। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने तत्काल भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत अपराध दर्ज कर बालिका की तलाश शुरू की। पुलिस की टीम लगातार संभावित क्षेत्रों में खोजबीन कर रही थी।
पुराने ईंट-भट्ठे के पास जंगल में मिला शव
लगातार तलाश के दौरान 22 अक्टूबर 2026 को रजगामार पुरानी बस्ती के पीछे स्थित पुराने ईंट-भट्ठे के समीप जंगल में बालिका का शव बरामद हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज की और प्रकरण में BNS की धारा 103(1), 66 तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 और 6 जोड़ी गईं।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने घटनाक्रम से जुड़े सीसीटीवी फुटेज, लास्ट सीन थ्योरी और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इन साक्ष्यों के आधार पर संदेही अमित चौहान की पहचान कर उसकी तलाश की गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को बागो थाना क्षेत्र के सुदूर जंगल से गिरफ्तार कर लिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, प्रकरण में तकनीकी साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चिकित्सकीय परीक्षण से संबंधित तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले में जांच जारी है।
