शोरूम के सामने से एसी का आउटडोर चोरी का खुलासा, 2 खरीददार सहित तीन आरोपी गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में शोरूम के सामने से एसी का आउटडोर चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक चोरी करने वाले आरोपी के साथ चोरी का सामान खरीदने और आगे बेचने वाले दो अन्य आरोपी भी कार्रवाई की जद में आए हैं। आरोपियों के कब्जे से चोरी का एसी आउटडोर, नकद रकम और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार प्रार्थी प्रमोद कुमार यादव निवासी भदरापारा, बाल्को नगर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 21 अक्टूबर 2026 को हुंडई शोरूम पहुंचने पर सामने लगा एसी का आउटडोर गायब मिला। शिकायत के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 877/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

पूछताछ में सामने आई खरीद-बिक्री की कड़ी

विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर गुड्डू बरेठ से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, उसने एसी का आउटडोर चोरी कर कृष्णा बसोड़ को बेचने की बात स्वीकार की। इसके बाद कृष्णा बसोड़ ने उक्त सामान सैफ खान उर्फ सोनू खान को बेचने की जानकारी दी। मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान, नकद रकम और मोबाइल फोन जब्त किया।

ये तीन आरोपी हुए गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में गुड्डू बरेठ (23 वर्ष), निवासी मोतीसागरपारा, कृष्णा बसोड़ (22 वर्ष), निवासी इमलीडुग्गू बसोड़ मोहल्ला, और सैफ खान उर्फ सोनू खान (22 वर्ष), निवासी इमलीडुग्गू गौमाता चौक, को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र के निवासी हैं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 877/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2), 317(2) एवं 3(5) में कार्रवाई की है। गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Share This Article