कोरबा-चांपा हाईवे पर मौत का तांडव! बाइक टक्कर में 1 की मौत, फिर बेकाबू कार भीड़ में घुसी; 6 घायल

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा-चांपा हाईवे पर शनिवार देर रात एक हादसे के बाद दूसरा हादसा हो गया। उरगा थाना क्षेत्र के नवलपुर के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में धनेश्वर श्रीवास की मौके पर ही मौत हो गई। लोग घटनास्थल पर जुटे ही थे कि तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर भीड़ में जा घुसी। इस घटना में छह लोग घायल हो गए। हादसों की लगातार दो घटनाओं के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पहले दो बाइकों की भिड़ंत, युवक की मौके पर मौत

जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात नवलपुर के पास दो बाइकों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी गंभीर थी कि धनेश्वर श्रीवास के सिर में गंभीर चोट आई और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे और घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई।

भीड़ में घुसी बेकाबू कार, छह लोग घायल

पहले हादसे के बाद लोग घटनास्थल पर मौजूद थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे भीड़ में जा घुसी। अचानक हुए इस घटनाक्रम में छह लोग घायल हो गए। कार राष्ट्रीय राजमार्ग की गश्ती गाड़ी से टकराने के बाद रुकी। बताया जा रहा है कि गश्ती वाहन से टक्कर नहीं होती तो हादसा और गंभीर हो सकता था।

हादसे में कार चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके पर पहुंचा पुलिस विभाग का एक आरक्षक भी दुर्घटना में घायल हो गया। कार ठठारी गांव के एक व्यक्ति की बताई जा रही है।

युवक की मौत के बाद आक्रोश, दूसरे बाइक सवार की पिटाई

धनेश्वर श्रीवास की मौत के बाद घटनास्थल पर लोगों में आक्रोश फैल गया। इसी बीच कुछ लोगों ने दूसरी बाइक पर सवार युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लगातार हुए हादसों और मारपीट के चलते घटनास्थल पर तनाव की स्थिति बन गई।

उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दुर्घटनाओं के कारणों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।

Share This Article