कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में एक सड़क हादसे में कोरबा निवासी युवक की जान चली गई। पेंड्रा थाना क्षेत्र के भाड़ी गांव के पास तेज रफ्तार बुलेट बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार ललित यादव की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई बाइक
मिली जानकारी के अनुसार, ललित यादव बुलेट बाइक से जा रहा था। इसी दौरान भाड़ी गांव के पास बाइक पर से उसका नियंत्रण हट गया और बाइक सीधे सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल में नहीं बच सकी जान
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
कोरबा के पाली का रहने वाला था युवक
मृतक की पहचान ललित यादव, निवासी पाली, जिला कोरबा के रूप में हुई है। युवक की मौत की खबर से उसके परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
