कोरबा में 29 अक्टूबर को स्कूल-कॉलेजों की छुट्टी, चक्रवात ‘ARNAB’ के अलर्ट के बीच कलेक्टर ने जारी किया आदेश….

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवाती तूफान ‘ARNAB’ को लेकर जारी मौसम संबंधी चेतावनियों के बीच कोरबा जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। जिले में संभावित बारिश और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए 29 अक्टूबर 2026 को सभी शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों, महाविद्यालयों और संबंधित शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है।

कलेक्टर एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष कुणाल दुदावत ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। यह निर्णय आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत प्राप्त शक्तियों और शासन के संबंधित निर्देशों के अनुरूप एहतियातन लिया गया है।

मौसम की चेतावनी के बीच सुरक्षा पर जोर

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की चेतावनियों के अनुसार, चक्रवाती तूफान के प्रभाव से प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियां बनने की आशंका को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने यह कदम उठाया है। विद्यार्थियों को संभावित जोखिम से बचाने के लिए जिले की सीमा में संचालित सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों में 29 अक्टूबर को अवकाश रहेगा।

प्रशासन ने की सतर्क रहने की अपील

जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों और आम नागरिकों से मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है। नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें और मौसम तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों पर ध्यान दें।

Share This Article