SECL कुसमुंडा खदान में बड़ा हादसा: डंपिंग के दौरान 100 टन का डंपर पलटा, ऑपरेटर गंभीर

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  एसईसीएल के कुसमुंडा क्षेत्र में खदान संचालन के दौरान एक बड़ा हादसा सामने आया है। यहां केएनआरसीएल कंपनी में डंपिंग के दौरान करीब 100 टन क्षमता का भारी डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया और नीचे जा गिरा। हादसे में डंपर ऑपरेटर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसे तत्काल खदान से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

डंपर से कूदने की कोशिश में ऑपरेटर घायल

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डंपिंग के दौरान डंपर अचानक अनियंत्रित हो गया। स्थिति बिगड़ती देख ऑपरेटर ने डंपर से कूदकर अपनी जान बचाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद खदान परिसर में कुछ समय के लिए कामकाज प्रभावित रहा।

एक सप्ताह में दूसरी घटना, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस हादसे ने खदान के भीतर भारी वाहनों के संचालन और सुरक्षा इंतजामों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि पिछले रविवार को भी इसी कंपनी का एक डंपर खदान परिसर में खड़ी मोटरसाइकिल के ऊपर चढ़ गया था। गनीमत रही कि उस समय मोटरसाइकिल पर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

एक सप्ताह के भीतर दो घटनाएं सामने आने के बाद भारी वाहनों के संचालन, चालकों के प्रशिक्षण और खदान के अंदर यातायात प्रबंधन की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। 

Share This Article