बैंकॉक में नौकरी का झांसा देकर युवती को म्यांमार में बनाया बंधक, फेसबुक पर नौकरी का विज्ञापन बना जाल, कोरबा पुलिस ने महिला आरोपी को किया गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  विदेश में अच्छी नौकरी और आकर्षक वेतन का लालच देकर युवती को साइबर ठगी के नेटवर्क में फंसाने के मामले में कोरबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। फेसबुक पर नौकरी का विज्ञापन देखकर संपर्क करने वाली दर्री निवासी युवती को कथित तौर पर थाईलैंड के रास्ते म्यांमार स्थित ‘KK Park’ ले जाया गया, जहां उसे बंधक बनाकर ऑनलाइन ठगी करने के लिए मजबूर किया गया। मामले में संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने महाराष्ट्र के गोंदिया जिले की रहने वाली 35 वर्षीय महिला आरोपी स्नेहा भथलाल बडोले को गिरफ्तार किया है।

फेसबुक पर नौकरी का विज्ञापन बना जाल

पुलिस के मुताबिक पीड़िता ने फेसबुक पर बैंकॉक में ऑफिस असिस्टेंट की नौकरी का विज्ञापन देखा था। इसमें करीब 30 हजार थाई भाट प्रतिमाह वेतन देने का उल्लेख था। बेहतर रोजगार की उम्मीद में युवती ने विज्ञापन के जरिए संपर्क किया। आरोप है कि महिला लीजा और उसके साथियों ने उसे पहले बेंगलुरु बुलाया और फिर हवाई यात्रा के जरिए थाईलैंड पहुंचाया। इसके बाद सीमा पार कराकर उसे म्यांमार के KK Park ले जाया गया।

पासपोर्ट जब्त कर ऑनलाइन ठगी कराने का आरोप

पीड़िता की शिकायत के अनुसार म्यांमार पहुंचने के बाद उसका पासपोर्ट जब्त कर लिया गया और उसे बंधक बनाकर प्रताड़ित किया गया। इतना ही नहीं, फर्जी सोशल मीडिया आईडी के माध्यम से ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश का झांसा देकर लोगों से पैसे ठगने के लिए मजबूर किए जाने का भी आरोप है।

दूतावास की मदद से भारत लौटी पीड़िता

भारतीय दूतावास और स्थानीय प्रशासन की मदद से पीड़िता को सुरक्षित भारत वापस लाया गया। इसके बाद उसने कोरबा जिले के दर्री थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 331/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 143(2) और 146 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान कथित संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने स्नेहा भथलाल बडोले (35), निवासी गोंदिया, महाराष्ट्र को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आरोपी की रिमांड प्राप्त की गई।

गिरोह के नेटवर्क की जांच जारी

कोरबा पुलिस अब मामले में शामिल अन्य संदिग्धों के साथ गिरोह के डिजिटल और वित्तीय नेटवर्क की भी जांच कर रही है। पुलिस ने साइबर जागरूकता अभियान के तहत लोगों से अपील की है कि विदेश में नौकरी के आकर्षक प्रस्तावों पर भरोसा करने से पहले भर्ती एजेंसी, नियोक्ता और वीजा संबंधी दस्तावेजों की पूरी जांच करें। सोशल मीडिया पर मिलने वाले अनजान नौकरी के प्रस्तावों के जरिए किसी के झांसे में न आएं।

Share This Article