कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत पथरीपारा में एक व्यक्ति की आत्महत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक की पहचान संतोष (40-45 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संतोष की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और उसका उपचार भी चल रहा था। बताया गया है कि मार्च महीने में उसे सेंदरी स्थित मानसिक चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था।

पत्नी कैंसर से पीड़ित, परिवार आर्थिक तंगी से भी जूझ रहा था
जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई है कि संतोष की पत्नी लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित है। उसके इलाज में लगातार खर्च होने के कारण परिवार आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहा था। हालांकि, इन परिस्थितियों का घटना से क्या संबंध है, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पथरीपारा में घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची थी। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और परिजनों के बयान सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
