कोरबा में दर्दनाक हादसा: PM आवास के लिए पुराना मकान तोड़ते समय दीवार से गिरा मजदूर, इलाज के दौरान मौत

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  शहर के सीतामढ़ी स्थित कुम्हार मोहल्ले में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण की तैयारी एक मजदूर परिवार के लिए दुखद घटना बन गई। पुराने मकान को तोड़ने के दौरान करीब साढ़े छह फीट ऊंची दीवार पर काम कर रहा एक मजदूर अचानक नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल मजदूर ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान उरगा थाना क्षेत्र के मड़वारानी जर्वे निवासी बीरबल सिंह कंवर के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, कुम्हार मोहल्ला निवासी प्रदीप कुमार का प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत मकान स्वीकृत हुआ था। नए मकान के निर्माण के लिए पुराने भवन को तोड़ने का काम कराया जा रहा था।

इसी सिलसिले में गुरुवार सुबह कार्तिक दास रेलवे फाटक के पास से चार दिहाड़ी मजदूरों को लेकर मौके पर पहुंचा था। इनमें बीरबल सिंह कंवर भी शामिल था। दोपहर करीब 12 बजे बीरबल दीवार पर चढ़कर तोड़फोड़ का काम कर रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ा और वह नीचे आ गिरा। हादसे में उसके सिर, छाती और कंधे पर गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद मौके पर मौजूद मजदूरों ने मकान मालिक को सूचना दी। इसके बाद घायल को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

हादसे के बाद निर्माण स्थल पर मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया गया है कि पुराने मकान को तोड़ने के दौरान मजदूरों को हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट सहित अन्य सुरक्षा संसाधन उपलब्ध नहीं कराए गए थे। ऊंचाई पर बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के काम कराया जा रहा था। 

Share This Article