बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में महिला सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। बीमा पॉलिसी लेने के बहाने एक युवक ने महिला इंश्योरेंस कर्मचारी को मिलने बुलाया और फिर उसे स्टेशन रोड स्थित एक लॉज में ले गया। आरोप है कि यहां कमरे का दरवाजा बंद कर उसने युवती के साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसे धमकाया और मौके से फरार हो गया।
पीड़िता की शिकायत पर तारबाहर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
रैपिडो की सवारी के दौरान हुई थी पहचान
पुलिस के अनुसार कोरबा निवासी 25 वर्षीय युवती व्यापार विहार स्थित एक निजी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में काम करती है। वह लोगों से संपर्क कर उन्हें बीमा योजनाओं की जानकारी देती है। 27 अक्टूबर को युवती ने रायपुर जाने के लिए रैपिडो बाइक बुक की थी।
इस दौरान दयालबंद निवासी अभिषेक सलूजा उसे रेलवे स्टेशन छोड़ने पहुंचा। सफर के दौरान दोनों के बीच बातचीत हुई और उन्होंने एक-दूसरे का मोबाइल नंबर साझा किया। युवती ने उसे अपने काम और बीमा पॉलिसी के बारे में भी बताया था।
शांत जगह पर प्लान समझने के बहाने ले गया लॉज
शिकायत के मुताबिक अगले दिन यानी 28 अक्टूबर को युवक ने फोन कर युवती को मिलने बुलाया। युवती ने उसे बीमा प्लान की जानकारी दी तो उसने दिवाली से पहले पॉलिसी लेने की बात कही। इसके बाद शोरगुल का हवाला देकर किसी शांत जगह पर बैठकर योजना समझने का प्रस्ताव रखा।
आरोप है कि युवक युवती को स्टेशन रोड स्थित एक लॉज में ले गया। वहां बातचीत के दौरान उसने कमरे का दरवाजा बंद कर दिया और युवती के साथ जबरदस्ती की। विरोध करने पर धमकी देकर वह वहां से भाग निकला।
आरोपी के घर पहुंची पुलिस, नहीं मिला युवक
घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। एडिशनल एसपी पंकज पटेल के मुताबिक, पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची थी, लेकिन जानकारी मिली कि परिजनों ने उसे घर से निकाल दिया है। फिलहाल पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
लॉज संचालक पर भी होगी कार्रवाई
मामले में लॉज प्रबंधन की लापरवाही भी सामने आई है। युवती ने पुलिस को बताया कि लॉज में उससे पहचान पत्र लिया गया था, लेकिन आरोपी से कोई आईडी नहीं मांगी गई। पुलिस पूछताछ में लॉज संचालक ने बताया कि युवक स्थानीय निवासी था, इसलिए उससे पहचान पत्र नहीं लिया गया।
टीआई सनिप रात्रे के अनुसार पुलिस अब लॉज संचालक को नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई करेगी। मामले की जांच जारी है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
