कोरबा में एसीबी कंपनी के खिलाफ सड़कों पर उतरी जन अधिकार पार्टी, कोयला कारोबार की CBI-SIT जांच की मांग, देखें वीडियो…..

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोयला कारोबार में कथित गड़बड़ियों को लेकर कोरबा में एक बार फिर एसीबी कंपनी के खिलाफ विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। भारतीय जन अधिकार पार्टी छत्तीसगढ़ ने शुक्रवार को सुभाष चौक पर धरना-प्रदर्शन कर कंपनी के कामकाज की उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई। पार्टी ने पूरे मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) और विशेष जांच दल (SIT) से कराने की मांग करते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि एसीबी कंपनी में कोयला उत्पादन, भंडारण से लेकर परिवहन और रेलवे के माध्यम से डिस्पैच तक कई स्तरों पर अनियमितताएं की जा रही हैं। उनका दावा है कि कंपनी के रिकॉर्ड में उत्पादन और डिस्पैच के आंकड़ों के बीच अंतर की आशंका है, जिसकी स्वतंत्र एजेंसी से जांच होनी चाहिए।

डिजिटल रिकॉर्ड की फॉरेंसिक जांच की मांग

पार्टी नेता दीपक दुबे ने आरोप लगाया कि कंपनी में लंबे समय से कोयले के कारोबार को लेकर शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि कोयले की वास्तविक मात्रा और दस्तावेजों में दर्ज आंकड़ों का मिलान कराया जाए। इसके साथ ही डिजिटल रिकॉर्ड, परिवहन से जुड़े दस्तावेजों और रेलवे डिस्पैच के आंकड़ों की फॉरेंसिक जांच कराई जाए, ताकि कथित गड़बड़ियों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक कोयला परिवहन किए जाने की शिकायतें हैं। पार्टी ने मांग की है कि संबंधित वाहनों के रिकॉर्ड और परिवहन व्यवस्था की भी जांच की जाए।

पहले भी सौंपे गए ज्ञापन, कार्रवाई नहीं होने का आरोप

जन अधिकार पार्टी के पदाधिकारियों का कहना है कि इस मुद्दे को लेकर पहले भी कई बार प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया गया है, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। पार्टी ने स्पष्ट किया कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच शुरू नहीं की गई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

अमित शाह के दौरे पर काले झंडे दिखाने की चेतावनी

इधर रायपुर में राज्योत्सव के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित आगमन को लेकर पार्टी ने विरोध प्रदर्शन की चेतावनी भी दी है। पार्टी नेताओं का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द पहल नहीं हुई तो कार्यकर्ता रायपुर पहुंचकर अमित शाह को काले झंडे दिखाकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।

प्रशासन ने ज्ञापन मिलने की पुष्टि की

इस मामले में तहसीलदार बजरंग साहू ने बताया कि एसीबी कंपनी के खिलाफ कोयला चोरी और कथित अनियमितताओं से संबंधित ज्ञापन प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि नियमानुसार आगे की कार्रवाई के लिए ज्ञापन उच्च कार्यालय को भेजा जा रहा है।

फिलहाल एसीबी कंपनी पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। अब इस पूरे मामले में प्रशासन की अगली कार्रवाई और जांच की मांग पर शासन के रुख का इंतजार है।

Share This Article