कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: शहर के मुड़ापार मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। एक ही रात में इस मार्ग पर दो अलग-अलग सड़क हादसों ने यातायात व्यवस्था की पोल खोल दी। रामनगर रेलवे कॉलोनी मोड़ के पास तेज रफ्तार भारी वाहन की टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, वहीं मुड़ापार पेट्रोल पंप के पास दो ट्रेलर आपस में भिड़ गए। दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त ट्रेलर सड़क पर ही खड़े रहे, जिसके चलते सुबह तक जाम की स्थिति बनी रही।
तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार को मारी टक्कर
पहली घटना रामनगर रेलवे कॉलोनी मोड़ के पास हुई। यहां तेज रफ्तार भारी वाहन ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर मानिकपुर चौकी पुलिस पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
पेट्रोल पंप के पास दो ट्रेलरों की भिड़ंत, चालकों में विवाद
दूसरी घटना मुड़ापार पेट्रोल पंप के पास हुई, जहां दो ट्रेलर आपस में टकरा गए। हादसे के बाद दोनों वाहन चालकों के बीच विवाद शुरू हो गया और मारपीट जैसी स्थिति निर्मित हो गई। टक्कर में क्षतिग्रस्त हुए दोनों ट्रेलर सड़क पर ही खड़े रहे। इनके नहीं हटने से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई और रातभर जाम की स्थिति बनी रही।
सुबह तक परेशान होते रहे राहगीर
सड़क पर ट्रेलरों के खड़े रहने का असर सुबह तक देखने को मिला। स्कूल जाने वाले बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और रोजमर्रा के काम से निकलने वाले नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मार्ग पर भारी वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई वाहन स्थानीय लोगों के घरों के सामने घंटों खड़े रहे, जिससे लोगों का घरों से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया।
पार्षद ने प्रशासन को घेरा, आंदोलन की चेतावनी
लगातार हो रही घटनाओं को लेकर स्थानीय पार्षद गोपाल कुर्रे ने नाराजगी जाहिर की है। उनका कहना है कि मुड़ापार मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए पहले भी कई बार मांग उठाई जा चुकी है। संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
पार्षद ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही भारी वाहनों के संचालन पर प्रभावी नियंत्रण नहीं लगाया गया तो स्थानीय नागरिक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
कोरबा में 2 हादसे: बाइक सवार घायल; दो ट्रेलरों की टक्कर से लगा रहा जाम
