कोरबा में चाकू की नोक पर लूटपाट, 6-7 लोगों ने राहगीरों को घेरकर की मारपीट; मोबाइल और नकदी लेकर फरार

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में देर रात बदमाशों ने राह चलते लोगों को निशाना बनाते हुए लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। गंगा नगर बाजार के पास 7 से 8 लोगों ने बाइक सवारों को रोककर उनके साथ मारपीट की और चाकू दिखाकर दहशत फैलाई। इसके बाद आरोपी तीन मोबाइल फोन और नकदी से भरा पर्स लेकर मौके से फरार हो गए।

घटना 30 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। ग्राम मड़वाढोढ़ा निवासी गणेश पाल कंवर अपने पांच साथियों के साथ खोडरी से रिश्तेदार के घर से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान गंगा नगर बाजार के पास आरोपियों ने उनकी मोटरसाइकिल रुकवा ली। देखते ही देखते बदमाशों ने हाथ-मुक्कों, बेल्ट और डंडों से सभी के साथ मारपीट शुरू कर दी। एक आरोपी ने चाकू निकालकर उन्हें डराया-धमकाया।

मोबाइल और पर्स लूटकर हुए फरार

पीड़ित गणेश पाल कंवर के मुताबिक, हमलावर उनका वीवो वाई31 मोबाइल, ज्योतिश कुमार का ओप्पो ए5 मोबाइल और 500 रुपये रखे पर्स के अलावा सुरेंद्र पाल कंवर का वीवो वाई18 मोबाइल भी लूट ले गए। अचानक हुए हमले से पीड़ितों में अफरा-तफरी मच गई।

चार लोगों को आई चोट, दो आरोपियों की पहचान

हमले में गणेश पाल की दाहिनी आंख के पास, प्रमोद कंवर के गर्दन और पीठ, सुरेंद्र पाल के पैर तथा ज्योतिश कुमार के गाल में चोट आई है। पीड़ित ने आरोपियों में से निशांत प्रसाद केवट और शिवा बिंझवार, निवासी कुदरीपारा बांकीमोंगरा की पहचान की है।

डकैती की धाराओं में मामला दर्ज

मामले में गणेश पाल कंवर की शिकायत पर बांकीमोंगरा पुलिस ने निशांत प्रसाद केवट, शिवा बिंझवार समेत अन्य चार-पांच लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

Share This Article