कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के बांकीमोंगरा स्थित एसईसीएल बांकी नंबर-4 खदान में सुरक्षाकर्मियों को बंधक बनाकर लोहे के सामान और पाइप चोरी करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बांकीमोंगरा पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने उनके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया पिकअप वाहन, गैस कटर, ऑक्सीजन सिलेंडर और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार घटना 26 और 27 अक्टूबर की दरम्यानी रात करीब 1 बजे की है। इस दौरान 10 से 12 नकाबपोश बदमाश एसईसीएल खदान परिसर में घुस गए थे। बदमाशों ने ड्यूटी पर तैनात चौकीदारों को बंधक बना लिया और उनके मोबाइल फोन छीन लिए। इसके बाद गैस कटर से स्टोर में रखे लोहे के रैक और एसईसीएल के पाइप काटकर ले गए। चोरी किए गए सामान की कीमत करीब 28 हजार रुपये बताई गई है।
घटना के बाद सुरक्षा गार्ड व्यासनारायण चौहान की शिकायत पर 28 अक्टूबर को बांकीमोंगरा थाने में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने पिकअप चालक राहुल विश्वकर्मा और कबाड़ दुकान संचालक आकाश साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
मामले में चोरी की संपत्ति के निपटान और खरीद-बिक्री में भूमिका सामने आने पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराएं भी जोड़ीं। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में राहुल विश्वकर्मा (22 वर्ष), निवासी विनायक पब्लिक स्कूल के पास, बांकीमोंगरा और आकाश साहू (20 वर्ष), निवासी एसईसीएल अस्पताल के पास, बांकीमोंगरा शामिल हैं। इनके पास से एक पिकअप वाहन (CG 12 BJ 6180), एक गैस कटर, एक ऑक्सीजन सिलेंडर, दो मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
मामले में अपराध क्रमांक 223/2026 के तहत बीएनएस की धारा 310(2), 127(2), 317(3) और 317(5) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।
