कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा के बुधवारी दशहरा मैदान के पास अवैध रेत कारोबार को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। यहां रेत से भरे ट्रैक्टर को रोकने और रेत खाली कराने की बात को लेकर दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। आधी रात को शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर, डंडे, बेल्ट और अन्य वस्तुओं से हमला किया। घटना में कई लोग घायल हुए हैं। मामले में सीएसईबी चौकी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


रेत खाली कराने की बात पर शुरू हुआ विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 और 3 नवंबर 2026 की दरम्यानी रात बुधवारी दशहरा मैदान के पास रेत से भरे ट्रैक्टर को रोकने और रेत खाली कराने की बात पर विवाद शुरू हुआ था। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई। इसके बाद दोनों गुट आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई।
दोनों पक्षों ने दर्ज कराई रिपोर्ट
पहले पक्ष की ओर से ढोढीपारा निवासी राजेन दास ने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके ट्रैक्टर चालक को यशवंत कश्यप उर्फ लक्की, संतोष चंद्रा और विक्रम कश्यप ने अपने साथियों के साथ रोककर रेत खाली करने की बात कही और विवाद किया। इसकी सूचना मिलने पर जब राजेन दास अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे, तो उनके साथ मारपीट की गई। इस दौरान ईंट-पत्थर, डंडे और अन्य वस्तुओं से हमला किया गया।
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से काशीनगर निवासी विक्रम कश्यप ने भी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि रेत खाली कराने को लेकर हुए विवाद में दीपक सिंह, सोहेब अहमद, गौरीलाल चौहान, पुरनदास महंत, आदित्य सिंघानिया, राजेन दास और यश पाटले ने उनके पक्ष के लोगों के साथ मारपीट और गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने दोनों पक्षों के 10 आरोपियों को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी और सिविल लाइन रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने दोनों मामलों में धारा 109(1), 296, 115(2), 351(3), 126(2), 3(5) बीएनएस तथा द्वितीय पक्ष की रिपोर्ट पर धारा 296, 351(3), 115(2), 109(1), 191(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 नवंबर को दोनों पक्षों के कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में इस्तेमाल किए गए ईंट के टुकड़े और चमड़े के बेल्ट भी जब्त किए गए। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पहले मामले में गिरफ्तार आरोपी (3)
- यशवंत कश्यप उर्फ लक्की (26 वर्ष), निवासी काशीनगर।
- विक्रम कश्यप (23 वर्ष), निवासी काशीनगर।
- संतोष चंद्रा (29 वर्ष), निवासी बुधवारी बाजार, बजरंग चौक।
दूसरे मामले में गिरफ्तार आरोपी (7)
- दीपक सिंह (32 वर्ष), निवासी 15 ब्लॉक, सीएसईबी।
- सोहेब अहमद (30 वर्ष), निवासी शारदा विहार, मानिकपुर।
- गौरीलाल चौहान (44 वर्ष), निवासी तुलसीनगर।
- पुरनदास महंत (44 वर्ष), निवासी पम्प हाउस।
- आदित्य सिंघानिया (31 वर्ष), निवासी सर्वमंगला रोड, पटेलपारा।
- राजेन उर्फ राजेन्द्र दास (30 वर्ष), निवासी ढोढीपारा।
- यश पाटले (19 वर्ष), निवासी तुलसीनगर।
