कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र में गंगा नगर बाजार के पास राहगीरों से मारपीट कर चाकू दिखाकर लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए तीन मोबाइल फोन और नकदी सहित करीब 21 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है। मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।
जानकारी के अनुसार 30 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे प्रार्थी अपने साथियों के साथ ग्राम खोडरी से लौट रहा था। इसी दौरान गंगा नगर बाजार के पास 7 से 8 अज्ञात युवकों ने उनकी मोटरसाइकिल रोक ली। इसके बाद आरोपियों ने हाथ-मुक्कों, बेल्ट और डंडे से सभी के साथ मारपीट की। चाकू दिखाकर डराया और उनके मोबाइल फोन व नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए।
इस दौरान आरोपियों ने प्रार्थी का विवो Y31, ज्योतिश कुमार का ओप्पो A5, पर्स में रखे 500 रुपये और सुरेंद्रपाल कंवर का विवो Y18 मोबाइल लूट लिया। मारपीट में प्रार्थी और उसके साथियों को चोटें भी आईं।
पीड़ित की शिकायत पर कुसमुंडा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 186/2026 के धारा 331(4), 305, 3(5) बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की और आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर लूटे गए तीनों मोबाइल फोन और नकदी बरामद कर ली गई।
पुलिस ने आरोपी 1. निशांत प्रसाद केंवट (20 वर्ष), निवासी कुदरीपार, शिव मंदिर के पास, थाना बांकीमोंगरा, 2. शिवा बिंझवार (20 वर्ष), निवासी मोंगरा बस्ती, थाना बांकीमोंगरा, जिला कोरबा को गिरफ्तार कर किया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से विवो Y31, ओप्पो A5 और विवो Y18 मोबाइल फोन सहित नकदी बरामद की है। बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब 21 हजार रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
