ग्राम बतरा में अवैध शराब बिक्री की शिकायत पर पुलिस की दबिश, जांच में नहीं मिला कोई मामला

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले के ग्राम बतरा में अवैध शराब बिक्री की शिकायत मिलने के बाद पाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गांव में जांच और छापेमारी की। हालांकि, पुलिस की जांच के दौरान न तो कोई व्यक्ति शराब बेचते मिला और न ही किसी को शराब पीते हुए पाया गया। मौके से अवैध शराब या कोई संदिग्ध सामग्री भी बरामद नहीं हुई।

महिला समूह ने एसपी से की थी शिकायत

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बतरा के महिला समूह ने पुलिस अधीक्षक कोरबा के समक्ष शिकायत पत्र सौंपा था। इसमें गांव में अवैध शराब बिक्री की शिकायत करते हुए इसे बंद कराने की मांग की गई थी। महिलाओं की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश और एसडीओपी कटघोरा के मार्गदर्शन में थाना पाली पुलिस की टीम गांव पहुंची।

गांव में पुलिस ने की जांच और छापेमारी

पुलिस टीम ने शिकायत वाले स्थान सहित अन्य संदिग्ध ठिकानों पर जांच की और दबिश दी। इस दौरान अवैध शराब की बिक्री या सेवन की पुष्टि नहीं हुई। पुलिस को मौके से किसी प्रकार की शराब या संदिग्ध सामग्री भी नहीं मिली।

अवैध गतिविधियों पर पुलिस की रहेगी नजर

जांच के बाद पाली पुलिस ने गांव के गणमान्य नागरिकों और महिला समूह के सदस्यों से चर्चा की। पुलिस ने उन्हें भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। भविष्य में इस तरह की कोई शिकायत या सूचना मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article