कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक और युवती की जान चली गई। बाइक और एक्टिवा के बीच आमने-सामने भिड़ंत होने के बाद दोनों वाहन सवार सड़क पर गिर पड़े। इसी बीच पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह बाइक और एक्टिवा के बीच जोरदार टक्कर हुई थी। टक्कर के बाद दोनों वाहन सड़क पर गिर गए और सवार भी संभल नहीं पाए। इसी दौरान पीछे से आ रहा ट्रक सड़क पर गिरे युवक-युवती को कुचलते हुए आगे निकल गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक बाइक सवार युवक ट्रक के पहिए की चपेट में आ गया, वहीं एक्टिवा सवार युवती गंभीर रूप से घायल हो गई जहाँ थोड़े देर बाद उसने भी दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल 112 और संजीवनी वाहन को सूचना दी। सूचना मिलने पर कुसमुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान नहीं, ट्रक चालक की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार मृतक स्थानीय क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं, लेकिन फिलहाल उनकी पहचान की पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटा रही है। वहीं, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
