गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचा युवक, भाई ने लगा दी आग, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   जिले के ग्राम कटओत में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गंभीर रूप से झुलसे युवक को इलाज के लिए कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार कनकी (थाना उरगा) निवासी 21 वर्षीय विशु सारथी का कटओत गांव की 19 वर्षीय युवती से पिछले तीन साल से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि युवती ने रविवार शाम करीब 5 बजे विशु को अपने गांव मिलने के लिए बुलाया था। जब विशु गांव पहुंचा, तो पहले से घात लगाए युवती के भाई ने उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि उसने युवक पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।

तालाब में कूदकर बचाई जान

आग की लपटों में घिरा विशु जान बचाने के लिए चीखते हुए पास के तालाब की ओर दौड़ा और पानी में कूद गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत उसे बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

अस्पताल चौकी पुलिस ने युवक का बयान दर्ज कर लिया है। विशु ने बताया कि युवती के भाई ने जानबूझकर उस पर पेट्रोल डालकर आग लगाई। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी की बात कही जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

Share This Article