ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, पूर्व मंत्री से हस्तक्षेप की मांग
कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में निजी पावर प्लांट के 1600 मेगावाट विस्तार को लेकर ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया है। प्रभावित लोगों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शिकायत दर्ज कराई और पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल से हस्तक्षेप की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि लैंको संयंत्र (अब निजी पावर प्लांट) के स्थापना और बाद के विस्तार के समय कंपनी ने रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के वादे किए थे, लेकिन उनका पालन नहीं हुआ।
पांचवीं और छठवीं इकाई के विस्तार से सरगबुंदिया, अमलीभांठा, पहंदा, ढनढनी, संडेल, बरीडीह, खोड्डल, दर्राभाठा और पताढ़ी के लगभग 750 घर प्रभावित हो सकते हैं। करीब चार हजार लोग सीधे विस्थापन की स्थिति में आ सकते हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि पुराने वादों की लिखित और वास्तविक पूर्ति किए बिना वे किसी नए भूमि अधिग्रहण का समर्थन नहीं करेंगे।
सरगबुंदिया जनपद सदस्य रीना सिदार ने बताया कि ग्रामीणों ने पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल से क्षेत्र के जनहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया है। गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर विस्तार योजना पर आपत्ति जताई।