हॉस्टल की छत से छात्रा ने लगाई छलांग, इलाज के दौरान हुई मौत
बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: बिलासपुर जिले में हॉस्टल की छत से एक मूकबधिर छात्रा ने छलांग लगा दी। इलाज के दौरान छात्रा की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि छात्रा इशारों में वीडियो कॉल पर बात कर रही थी इसी बीच वह छत से कूद गई। मौत को लेकर छात्रा की बहन ने प्रबंधन पर लापरवाही बरतने और गुमराह करने का आरोप लगाया है।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है। मृतका छात्रा पल्लवी राज मूलतः कोरबा जिले की रहने वाली थी। तिफरा स्थित आश्रयदत्त कर्मशाला हॉस्टल में 2 महीने पहले ही दाखिला लिया था, वह कम्प्यूटर कोर्स कर रही थी। बताया जा रहा है कि आज रोज की तरह सभी चाय-नाश्ता कर रहे थे। इसी दौरान पल्लवी मोबाइल पर बात करते हुए छत की तरफ गई। केयर टेकर ने छत पर उसे जाते देखा। उसके साथ एक अन्य छात्रा ने भी उसे छत पर देखा। इस दौरान पल्लवी ने छत से छलांग लगा दी, जिसके बाद वह खून से लथपथ हो गई। मौके पर केयर टेकर और एक अन्य छात्रा दौड़कर मौके पर पहुंचे, बेहोशी की हालत में पल्लवी को कर्मचारी लेकर सिम्स पहुंचे। जहां कुछ देर बाद छात्रा ने दम तोड़ दिया।
पल्लवी की बड़ी बहन प्रिया राज ने प्रबंधन पर आरोप लगाया है कि उसे बार-बार गुमराह किया गया। पहले सीढ़ी से गिरने से चोट लगने की बात कही, फिर छज्जे से गिरना बताया गया। वहीं घटना के सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने कहा कि छात्रा के मोबाइल की जांच की जा रही है, जिससे पता चल सके कि आखिर छात्रा किससे मोबाइल पर बात कर रही थी। उसने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया इसके कारणों का पता लगाया जा रहा है।
