कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में अपराध नियंत्रण और औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत उरगा पुलिस ने बड़ी चोरी की वारदात को समय रहते विफल कर दिया। अडानी पावर प्लांट पताढ़ी परिसर में चोरी की नीयत से घुसे चार युवकों को सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता और सीसीटीवी निगरानी की मदद से रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
जानकारी के अनुसार 18 जून 2026 की रात प्लांट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियां दिखाई दीं। सुरक्षा कर्मचारियों ने तत्काल निगरानी बढ़ाते हुए घेराबंदी की और चार संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने प्लांट में चोरी के उद्देश्य से प्रवेश करने की बात स्वीकार की।
घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 346/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) एवं 3(5) के तहत प्रकरण कायम किया।
सुरक्षा व्यवस्था बनी अपराधियों के लिए चुनौती
गिरफ्तार आरोपियों में कुंदन कुमार श्रीवास उर्फ दाऊ (20), सोमेंद्र कुमार कर्ष उर्फ अप्पी (24), शिवकुमार श्रीवास उर्फ शिव (26) और संपत कुमार धीवर (20) शामिल हैं। सभी आरोपी कोरबा जिले के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार औद्योगिक क्षेत्रों में स्थापित आधुनिक सुरक्षा तंत्र, सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा कर्मियों की सक्रियता के कारण चोरी की इस साजिश को समय रहते विफल किया जा सका। कोरबा पुलिस ने नागरिकों से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
