रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित जिला खनिज न्यास (DMF) घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच लगातार गहराती जा रही है। 575 करोड़ रुपए के कथित घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मंगलवार को पांच जिलों में की गई छापेमारी के दौरान एजेंसी को 1 करोड़ रुपए से अधिक नकदी बरामद होने की जानकारी सामने आई है।
ईडी की टीमों ने रायपुर, धमतरी, दुर्ग, कोरबा और अंबिकापुर में कुल 9 ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। इनमें चार आवासीय परिसर और पांच व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल थे। सूत्रों के मुताबिक सबसे अधिक नकदी कोरबा और धमतरी स्थित ठिकानों से बरामद हुई है। हालांकि जब्त राशि और अन्य बरामदगी को लेकर ईडी की ओर से आधिकारिक जानकारी जारी किया जाना बाकी है।
जांच के दायरे में आए लोगों में कारोबारी प्रकाश सालुंके, किशोर एग्रो से जुड़े शाश्वत लुणावत, मानसून एग्रो के प्रमोटर एवं कांग्रेस नेता राकेश गुप्ता तथा कारोबारी दीपेश गांधी समेत कई नाम शामिल हैं। एजेंसी ने इनके आवास और कारोबारी परिसरों में दस्तावेजों की गहन पड़ताल की।
बताया जा रहा है कि तलाशी अभियान के दौरान ईडी को बैंक लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड, महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से डिजिटल साक्ष्य प्राप्त हुए हैं। एजेंसी अब इनकी फॉरेंसिक जांच कर कथित घोटाले के वित्तीय नेटवर्क और लाभार्थियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
ईडी को आशंका है कि खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए जारी DMF फंड का एक हिस्सा कथित तौर पर ठेकेदारों, सप्लायरों और बिचौलियों के जरिए डायवर्ट किया गया। जांच में यह भी पड़ताल की जा रही है कि सरकारी परियोजनाओं और ठेकों की मंजूरी के बदले 25 से 40 प्रतिशत तक कमीशन लिया गया था या नहीं।
सूत्रों के अनुसार बरामद साक्ष्यों के आधार पर आने वाले दिनों में कई संदिग्धों से पूछताछ की जा सकती है। मामले में गिरफ्तारी की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
गौरतलब है कि इस मामले में पूर्व कोरबा कलेक्टर रानू साहू, पूर्व उप सचिव सौम्या चौरसिया और कथित बिचौलिया सूर्यकांत तिवारी सहित कई बड़े नाम पहले से जांच एजेंसियों के रडार पर हैं। वर्ष 2024 और 2025 में भी ईडी ने DMF घोटाले को लेकर छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपए की संपत्तियां अटैच की थीं।
फिलहाल 16 जून को हुई ताजा छापेमारी को लेकर ईडी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन जांच की दिशा को देखते हुए आने वाले दिनों में इस मामले में कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
