रायपुर एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा, लैंडिंग के दौरान एयर इंडिया विमान से टकराया पक्षी

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज:  राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर बुधवार को एक बड़ा विमान हादसा टल गया। दिल्ली से रायपुर पहुंची Air India की एक फ्लाइट लैंडिंग के दौरान बर्ड हिट का शिकार हो गई। रनवे पर उतरते समय एक पक्षी विमान से टकरा गया, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां और एयरपोर्ट प्रबंधन तत्काल अलर्ट हो गए।

घटना के बाद विमान को सुरक्षित रूप से पार्किंग एरिया में ले जाया गया और तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत जांच की गई। प्रारंभिक निरीक्षण में विमान को किसी प्रकार का गंभीर नुकसान नहीं पाया गया। विमान में सवार सभी यात्री और क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित रहे।

सुरक्षा कारणों से एयरपोर्ट प्रबंधन ने रनवे और विमान दोनों की जांच कराई। इस प्रक्रिया के चलते कुछ समय के लिए उड़ान संचालन प्रभावित रहा और रायपुर से रवाना होने वाली कई उड़ानें लगभग दो घंटे की देरी से संचालित हुईं। यात्रियों को एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा, हालांकि एयरपोर्ट प्रशासन ने आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।

एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा मानकों के तहत सभी आवश्यक कदम उठाए गए और जांच पूरी होने के बाद उड़ानों का संचालन सामान्य कर दिया गया। समय रहते स्थिति नियंत्रित होने से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।

Share This Article