सूरजपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। चरित्र शंका को लेकर एक पति पर अपनी पत्नी के साथ अमानवीय व्यवहार करने का आरोप लगा है। पीड़िता का दावा है कि पति ने न केवल उसके कपड़े फाड़े और सिर मुंडवा दिया, बल्कि उसे अपमानित करने के लिए चेहरा काला किया और जबरन पेशाब भी पिलाया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिले के करंजी गांव निवासी तारा सारथी ने अपने पति जितेंद्र सारथी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने बताया कि दोनों की शादी वर्ष 2006 में हुई थी और उनके चार बच्चे हैं। विवाह के शुरुआती वर्षों में पारिवारिक जीवन सामान्य रहा, लेकिन पिछले करीब एक वर्ष से दोनों के बीच विवाद बढ़ने के कारण वे अलग-अलग रह रहे थे।
पीड़िता के आरोप के मुताबिक, चरित्र पर संदेह को लेकर पति ने विवाद के दौरान उसे बंधक बना लिया। आरोप है कि बच्चों के सामने उसके पैर बांधे गए, जबरन सिर का मुंडन कराया गया और उसके चेहरे पर मोबिल लगाकर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। महिला का यह भी आरोप है कि उसे जबरन पेशाब पिलाया गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। पीड़िता ने न्याय की मांग करते हुए कोरिया जिले के पटना थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
इस मामले में सामाजिक कार्यकर्ता पंकज तिवारी ने पीड़िता को न्याय दिलाने की बात कही है। उनका कहना है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होने तक वे संघर्ष जारी रखेंगे। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि और आगे की कानूनी कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी।
इस खबर का वीडियो देखने के लिए यहां क्लिक करें-
