कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: भारतीय युवक कांग्रेस (युकां) के आगामी संगठनात्मक चुनाव को लेकर प्रदेशभर में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। शीर्ष नेतृत्व द्वारा विभिन्न पदों के लिए उम्मीदवारों के नामों का पैनल जारी किया जा रहा है। इसी क्रम में प्रदेश महासचिव पद के लिए जारी सूची में कोरबा जिले के युवा नेता विशाल सिंह राजपूत का नाम शामिल होने से कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है।
बिलासपुर जोन के लिए जारी पैनल में कोरबा जिले से तीन नाम शामिल किए गए हैं, जिनमें विशाल सिंह राजपूत का नाम प्रमुखता से चर्चा में है। वर्तमान में वे NSUI के प्रदेश महासचिव के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं और संगठन के विभिन्न कार्यक्रमों, आंदोलनों एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित आंदोलनों एवं प्रदर्शनों में भी उनकी सहभागिता लगातार रही है। संगठन के प्रति सक्रियता और युवाओं के बीच उनकी मजबूत पकड़ को देखते हुए उनके नाम को प्रदेश महासचिव पद के लिए महत्वपूर्ण दावेदार माना जा रहा है।
पैनल में नाम शामिल होने पर विशाल सिंह राजपूत ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और समर्थकों से संगठन को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान भी किया। उनका कहना है कि मजबूत युवा कांग्रेस ही कांग्रेस की ताकत को और अधिक बढ़ा सकती है।
