नाले के तेज बहाव में बहने से नाबालिग छात्र की मौत, दोस्तों के साथ गया था नहाने
बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: बिलासपुर जिले में एक दुखद घटना सामने आई है। यहां नाले के तेज बहाव में बहने से 15 वर्षीय छात्र की डूबकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह अपने दोस्तों के साथ नहाने गया था। जब वह नाले में बहा तब उसके साथियों को भनक तक नहीं लगी। देर शाम उसकी लाश झाड़ियों के बीच मिली।
जानकारी के मुताबिक यह घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान जितेंद्र पैकरा (15 वर्ष), ग्राम रिंगवार निवासी के रूप में हुई है। वह नवमीं कक्षा का छात्र था। गुरुवार दोपहर अपने दोस्तों के साथ गांव के बरसाती नाले में नहाने चला गया। दोस्तों के साथ वह नाले में नहा रहा था। तभी तेज बहाव में आकर बह गया। नहाते समय उसका पैर बेशरम की झाड़ियों में फंस गया, जिसके चलते वह डूब गया। जब उसके दोस्त नाले में नहा रहे थे, तब उन्हें जितेंद्र के बहने की भनक तक नहीं लगी। पानी से बाहर निकलने के बाद उन्हें जितेंद्र नहीं दिखा। तब उन्होंने आसपास ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मिला।
तब उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी। इस घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। साथ ही पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई। काफी तलाश के बाद देर शाम छात्र का पैर बेशरम की झाड़ियों में फंसा मिला। पुलिस द्वारा शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। घटना के बाद से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
