सूरजपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: सूरजपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर लहपटरा के पास तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार पुलिस आरक्षक की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार सूरजपुर पुलिस में पदस्थ आरक्षक मसत्य राम पैकरा (42 वर्ष) कुछ दिनों के लिए अपने गृहग्राम शरमा आए हुए थे। बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे वे अपनी होंडा शाइन मोटरसाइकिल से ड्यूटी के लिए निकले थे। जैसे ही वे लहपटरा स्थित कमल फ्यूल्स पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक (क्रमांक UP 44 BT 0920) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आरक्षक बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। हादसे के दौरान उन्होंने हेलमेट पहना हुआ था, लेकिन टक्कर के प्रभाव से हेलमेट छिटककर दूर जा गिरा और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें 108 एम्बुलेंस के जरिए तुरंत अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति देखते हुए इलाज शुरू किया, लेकिन सिर पर गहरी चोट लगने के कारण उपचार के दौरान ही उनकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलने पर लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है तथा चालक के खिलाफ धारा 106 (1) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। गुरुवार को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में पोस्टमॉर्टम के बाद आरक्षक का शव परिजनों को सौंप दिया गया।
आरक्षक की अचानक मौत से सूरजपुर पुलिस विभाग और उनके गृहग्राम शरमा में शोक की लहर है। सहकर्मी और परिजन गहरे दुख में डूबे हुए हैं। विभागीय अधिकारियों ने इसे पुलिस परिवार के लिए बड़ी क्षति बताया है।
