TI पर मारपीट और रिश्वत लेने का आरोप, कार्रवाई की मांग को लेकर दो युवक पानी टंकी पर चढ़े, देखें वीडियो….

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के हरदीबाजार थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब दो युवक पुलिस कार्रवाई से नाराज होकर गांव की पानी टंकी पर चढ़ गए। युवकों ने थाना प्रभारी (TI) पर मारपीट और 23,500 रुपए रिश्वत लेने का आरोप लगाते हुए उन्हें बर्खास्त करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर आत्महत्या कर लेंगे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। तहसीलदार और पुलिस अधिकारी युवकों को समझाने में जुटे रहे। देर तक चले प्रयासों के बीच दोनों को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश जारी रही।

युवकों ने लगाए गंभीर आरोप

जानकारी के अनुसार, पानी टंकी पर चढ़े युवकों की पहचान रफीक मोहम्मद (22 वर्ष) और दीपेश निर्मलकर (23 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों ग्राम नेवसा के निवासी हैं। उनका आरोप है कि मंगलवार को पुलिस ने उन्हें ग्राम सिरली के पास से पकड़कर थाने ले गई जहां उन्हें जुआ खेलने के आरोप में लाठी, डंडे और बेल्ट से बेरहमी से पीटा गया। युवकों का दावा है कि पुलिस ने उनसे जबरन बयान लिखवाया और छोड़ने के बदले 23,500 रुपए लिए। उनका कहना है कि TI के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होने तक वे आंदोलन जारी रखेंगे।

मामले को लेकर ग्रामीणों में भी नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस बिना पर्याप्त कारण लोगों को घरों से उठाकर थाने ले जा रही है। वहीं, जुआ प्रकरण में गिरफ्तार बताए जा रहे अनवर अली की पत्नी शफीना बेगम ने आरोप लगाया कि पुलिस उनके पति को घर से लेकर गई थी, लेकिन बाद में फिर उनके बारे में पूछताछ करने पहुंची। उन्होंने कहा कि चार दिनों से उनके पति घर नहीं लौटे हैं और इसके लिए पुलिस जिम्मेदार है।

TI ने आरोपों को बताया निराधार

हरदीबाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि दोनों युवक क्षेत्र में जुआ फड़ संचालित करते हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने उन्हें पकड़ा था और उनके खिलाफ कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई थी। TI के अनुसार दोनों के खिलाफ वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया था। रिश्वत लेने और मारपीट के आरोप पूरी तरह गलत हैं।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर अतिरिक्त बल तैनात किया है। अधिकारियों का कहना है कि युवकों की शिकायतों की जांच की जाएगी। वही युवकों को नीचे उतरने का प्रयास किया जा रहा है।

 

 

Share This Article