कोरबा/भोपाल: अखिल भारतीय राठौर क्षत्रिय महासभा (रजि.) के आगामी चुनाव को लेकर संगठनात्मक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में छिंदपुर, हरदी बाजार (जिला कोरबा, छत्तीसगढ़) निवासी चुलेश्वर राठौर ने महामंत्री पद के लिए अपनी दावेदारी प्रस्तुत करते हुए समाजजनों से समर्थन और आशीर्वाद की अपील की है।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य समाज को नई दिशा, ऊर्जा और संगठनात्मक मजबूती प्रदान करना है। आगामी 14 जून 2026 को भोपाल में प्रस्तावित महासभा चुनाव में वे महामंत्री पद के प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में हैं।
अपने विजन को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि वे समाज के सर्वांगीण विकास के लिए कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर कार्य करने का संकल्प रखते हैं। इनमें युवाओं के लिए करियर मार्गदर्शन, रोजगार सहायता, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी एवं स्टार्टअप को बढ़ावा देने की व्यवस्था, तथा महिलाओं की सामाजिक और संगठनात्मक भागीदारी को मजबूत करना शामिल है।

इसके अलावा उन्होंने महासभा में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने, शिक्षा एवं चिकित्सा सहायता कोष के गठन, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की मदद, तथा समाज के योग्य व्यक्तियों को राजनीतिक एवं प्रशासनिक क्षेत्रों में आगे बढ़ाने की दिशा में कार्य करने की बात कही।
प्रत्याशी ने महासभा के लिए स्थायी कोष और भवन निर्माण की आवश्यकता पर भी जोर दिया, जिससे संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर अधिक मजबूत और सक्रिय बनाया जा सके। साथ ही उन्होंने देशभर में समाज के प्रतिभावान व्यक्तियों के सम्मान हेतु राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित करने की भी योजना बताई।
उन्होंने समाजजनों से अपील करते हुए कहा कि यह चुनाव केवल एक पद का नहीं, बल्कि समाज के भविष्य को सशक्त और संगठित बनाने का अवसर है। उन्होंने सभी वरिष्ठजन, मातृशक्ति और युवाओं से समर्थन और आशीर्वाद की अपेक्षा व्यक्त की।
