कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: शहर के सीएसईबी चौकी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुई चाकूबाजी की घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुधवारी बाजार स्थित आर. शिशु मंदिर स्कूल के पास कुछ युवकों ने एक ऑटो चालक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार देर रात ऑटो चालक वेद किशोर बरेठ अपने वाहन से गुजर रहा था। सड़क किनारे बैठे कुछ युवकों से उसने रास्ता देने को कहा। बस इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने ऑटो चालक पर चाकू से हमला कर दिया।

हमले में घायल चालक सड़क पर ही गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें पूरी वारदात रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है। फुटेज के आधार पर कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि घायल वेद किशोर बरेठ का बयान दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है और उनकी तलाश जारी है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। नागरिकों का कहना है कि रात के समय क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ गई हैं, जिससे आम लोगों में असुरक्षा का माहौल है। लोगों ने पुलिस से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
