कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र के डिपरापारा में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 40 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान लवकुश साहू के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार लवकुश अपने घर के बाहर लगे बिजली के खंभे पर चढ़ गया था। इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से वह नीचे गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से पहले घर में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद लवकुश के खंभे पर चढ़ने की बात सामने आई है। पुलिस फिलहाल इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या से जोड़कर देख रही है, लेकिन हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।

मृतक हमाली का काम कर परिवार का पालन-पोषण करता था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच पहले भी अक्सर विवाद होते रहते थे। घटना के समय उसकी पत्नी घर पर मौजूद थी।
सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
