कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: प्रतिबंधित अवधि के दौरान अवैध मत्स्याखेट पर रोक लगाने और जलीय जीवों के संरक्षण के उद्देश्य से मछली पालन विभाग, जिला कोरबा ने हसदेव बांगो जलाशय क्षेत्र में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान कुछ लोगों को गैर-कानूनी तरीके से ‘गरी’ के माध्यम से मछली पकड़ते हुए पाया गया।
विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संबंधित व्यक्तियों को रोककर पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने बताया कि उन्हें वर्तमान में लागू मत्स्याखेट प्रतिबंध की जानकारी नहीं थी। इसके बाद अधिकारियों ने उन्हें मत्स्य संरक्षण, मछलियों के प्रजनन काल के महत्व और प्रतिबंधित अवधि में मत्स्याखेट पर लगाए गए प्रतिबंध की जानकारी दी।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित अवधि में किसी भी प्रकार का मत्स्याखेट मत्स्य संरक्षण अधिनियम के तहत प्रतिबंधित और दंडनीय अपराध है। उन्होंने संबंधित लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मछली पालन विभाग ने जिले के नागरिकों और मछुआरा समुदाय से मानसून के दौरान घोषित प्रतिबंधित अवधि का पालन करने की अपील की है। विभाग ने बताया कि अवैध मत्स्याखेट पर रोक लगाने के लिए जलाशयों एवं अन्य जल स्रोतों में नियमित गश्त और औचक निरीक्षण की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
