कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के सलोरा-छुरी गांव में शनिवार को दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। खेत में धान की रोपाई कर रहे किसानों पर आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार सलोरा-छुरी गांव में करीब 25 से 30 किसान खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान खेत की मेढ़ के पास आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से तीन किसान गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर मौजूद अन्य किसानों ने तुरंत तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान बहुरन पाटले, लक्ष्मीचंद पटेल और श्याम साहू के रूप में हुई है। तीनों सलोरा-छुरी गांव के निवासी थे और आपस में रिश्तेदार थे। हादसे से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतकों के परिजनों ने बताया कि खेत में सभी लोग सामान्य रूप से धान की रोपाई कर रहे थे। अचानक तेज बारिश के बीच बिजली गिरी और देखते ही देखते तीनों की जान चली गई। घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर पंचनामा सहित आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। मामले की जांच जारी है।
कटघोरा बीएमओ डॉ. रश्मि सिंह कंवर ने बताया कि तीनों को अस्पताल लाया गया था, लेकिन जांच में उनकी पहले ही मौत हो चुकी थी। वहीं प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को शासन की ओर से निर्धारित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
