कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा के सीएसईबी चौकी क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े एक युवक के साथ सड़क पर मारपीट की घटना सामने आई। फाटक के पास हुए इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि कुछ युवकों ने एक युवक को घेर लिया और उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। घटना के दौरान युवक के कपड़े भी फट गए। सड़क पर हंगामे की वजह से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की कतार लग गई।
मारपीट की घटना को वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया। वीडियो में कुछ युवक एक युवक की पिटाई करते नजर आ रहे हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग मूकदर्शक बने दिखाई दे रहे हैं।
घटना के बाद पीड़ित युवक सीएसईबी चौकी पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। उसने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करने के साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी।
सीएसईबी चौकी प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। वायरल वीडियो और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
पुलिस का कहना है कि सभी साक्ष्यों और गवाहों के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में शामिल युवकों की तलाश जारी है।
