चरित्र शंका में युवक की बेरहमी से हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

चरित्र शंका में युवक की बेरहमी से हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले में कोटा थाना क्षेत्र में हुई युवक की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने चरित्र शंका के चलते एक युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे, जिन्हें पुलिस ने सात दिन की तलाश के बाद गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार 4 जून 2026 को होटल ‘फोर सीजन’ के पास कच्चे मार्ग पर कुछ युवक शराब का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक मौके पर पहुंचे और निखिल गोस्वामी पर हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डाला और फिर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

घटना की सूचना डायल-112 को दी गई, लेकिन जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, आरोपियों ने बड़े पत्थरों से निखिल का सिर कुचल दिया था। गंभीर रूप से घायल निखिल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी रही। 11 जून 2026 को घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में दीपक दास उर्फ भोला दास, निखिल राव उर्फ निक्कू, करण दास मानिकपुरी और कुश साहू उर्फ बुतरू शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Share This Article