इंस्टाग्राम से शुरू हुआ प्रेम, चाकू पर खत्म हुई कहानी! ब्लॉक करने पर नाराज़ प्रेमिका ने चाकू से किया प्रेमी का कत्ल
बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में प्रेम संबंध से जुड़ा एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुई दोस्ती ने जब हिंसक रूप लिया तो एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक युवती ने अपने ही प्रेमी की चाकू मारकर हत्या कर दी।
जानकारी के मुताबिक यह पूरी घटना शुभम विहार इलाके की है। मृतक की पहचान कामता उर्फ भोला मधुकर के रूप में हुई है जो रतनपुर के कर्रा गांव का रहने वाला था। वह वर्तमान में शुभम विहार स्थित एक हॉस्टल में रहकर उस्लापुर के एक होटल में काम करता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी युवती रोशनी सूर्यवंशी, सीपत थाना क्षेत्र के झलमला गांव की निवासी है। दोनों की पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी जो आगे चलकर प्रेम संबंध में बदल गई। बीते कुछ दिनों से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि युवक द्वारा मोबाइल नंबर ब्लॉक किए जाने से युवती नाराज थी।
मंगलवार सुबह आरोपी युवती चाकू लेकर युवक के हॉस्टल पहुंची। कमरे के अंदर दोनों के बीच कहासुनी हुई जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर युवती ने युवक के सीने पर चाकू से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश करते हुए कमरे में फैले खून को साफ कर दिया। हालांकि घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, वहीं पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
