सीतामणी चौक में युवक की पिटाई के मामले में बड़ी कार्यवाही: नागेश मद्रासी समेत 3 गिरफ्तार, पुलिस ने शहर में निकाला जुलूस

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  शहर के सीतामणी चौक में युवक पर जानलेवा हमला कर दहशत फैलाने वाले बदमाशों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने मामले में नागेश मद्रासी, रिंकू यादव और आलोक यादव को गिरफ्तार कर शहर में उनका जुलूस निकाला। इस कार्रवाई के जरिए पुलिस ने साफ संदेश दिया कि शहर में गुंडागर्दी और दहशत फैलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

जानकारी के मुताबिक 20 मई की रात करीब 10:45 बजे पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने सीतामणी चौक में रोशन शर्मा को घेर लिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। बदमाशों ने हाथ-मुक्कों, ईंट और पंचिंग से हमला किया, जिससे युवक के सिर, चेहरे और सीने में गंभीर चोटें आईं। घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे रायपुर रेफर किया गया।

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर कोतवाली थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर इलाके में पैदल जुलूस निकाला गया। इस दौरान आरोपियों से “गुंडागर्दी नहीं करेंगे, गुंडागर्दी करना पाप है” जैसे नारे भी लगवाए गए।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बिगाड़ने और दहशत फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार की जा रही है।

Share This Article