तेज रफ्तार बोलेरो का कहर: एक्टिवा और बाइक को मारी टक्कर, मासूम सहित 2 लोग गंभीर

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा के बुधवारी बायपास मार्ग पर बुधवार देर रात तेज रफ्तार बोलेरो ने एक्टिवा और बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 10 वर्षीय मासूम समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना मानिकपुर चौकी क्षेत्र स्थित पेट्रोल पंप के पास की बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो काफी तेज रफ्तार में थी। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पहले एक्टिवा को टक्कर मारी, फिर बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक्टिवा पर सवार मासूम बच्चा उछलकर दूर जा गिरा, जबकि बाइक चालक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर जमा हो गए। घायलों की हालत देखकर लोगों में गुस्सा फूट पड़ा और आक्रोशित भीड़ ने बोलेरो वाहन में तोड़फोड़ शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि कुछ लोग वाहन में आग लगाने की कोशिश भी कर रहे थे।

सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने लोगों को शांत कराया और दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक 10 वर्षीय बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि बोलेरो में NCC कैडेट्स सवार थे, जो किसी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। फिलहाल पुलिस ने वाहन को जब्त कर चालक से पूछताछ शुरू कर दी है।

इधर स्थानीय नागरिकों ने बुधवारी बायपास स्थित पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग और अतिक्रमण को हादसों की बड़ी वजह बताया है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।

Share This Article