अहिरन नदी में नहाने के दौरान डूबा युवक, लापता युवती का शव बरामद, युवक की तलाश जारी…..

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  अहिरन नदी में मंगलवार दोपहर दोस्तों के साथ नहाने गए एक युवक के बहाव में लापता होने का मामला सामने आया है। घटना एनटीपीसी रेलवे पुल के नीचे की है, जहां युवक ने नदी में छलांग लगाई थी। देर शाम तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला।

जानकारी के मुताबिक एसईसीएल कुसमुंडा में डम्पर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत निर्मल सिंह ठाकुर का पुत्र निखिल सिंह अपने दोस्तों के साथ विकास नगर आईबीपी क्षेत्र पहुंचा था। दोस्तों के नदी में छलांग लगाने के बाद निखिल ने भी गहरे पानी में छलांग लगा दी। अन्य युवक तैरकर बाहर निकल आए, लेकिन निखिल वापस नहीं लौटा। घटना की सूचना मिलते ही कुसमुंडा पुलिस और गोताखोर टीम मौके पर पहुंची। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान रोक दिया गया, जिसे बुधवार सुबह फिर शुरू किया जाएगा।

इसी दौरान नदी में एक अन्य लापता युवती का शव भी बरामद किया गया। निर्मला यादव नामक 24 वर्षीय युवती 9 मई से लापता थी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट कुसमुंडा थाना में दर्ज कराई थी। मंगलवार सुबह ग्राम खम्हरिया के पास नदी में उसका शव दिखाई दिया। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के कारणों का खुलासा रिपोर्ट आने के बाद होगा।

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि अहिरन नदी का यह हिस्सा काफी गहरा और खतरनाक है। पहले भी यहां कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही बेरिकेटिंग की गई है। लगातार हो रहे हादसों के बाद क्षेत्र में स्थायी सुरक्षा इंतजाम की मांग तेज हो गई है।

Share This Article