कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: Government College Barpali के हिंदी विभाग द्वारा एकदिवसीय संगोष्ठी का भव्य आयोजन विषय विशेषज्ञ Dr. P. D. Mahant एवं Dr. H. L. Sharma की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य Dr. C.P. Nand ने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि संगोष्ठी का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि विकसित करना तथा साहित्यिक चेतना को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि हिंदी केवल संवाद की भाषा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और सामाजिक मूल्यों की सशक्त वाहक है।

संगोष्ठी के मुख्य वक्ता डॉ. पी. डी. महंत ने छत्तीसगढ़ी लोक साहित्य पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए लोककथा, लोकगाथा, लोकनृत्य, लोकनाट्य, भोजली, जावरा, करमा तथा ददरिया लोकगीतों की विशेषताओं को रोचक एवं विद्वत्तापूर्ण अंदाज में प्रस्तुत किया। उनके व्याख्यान ने उपस्थित विद्यार्थियों और प्राध्यापकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
वहीं विषय विशेषज्ञ डॉ. एच. एल. शर्मा ने “स्त्री विमर्श एवं दलित साहित्य” विषय पर ऐतिहासिक पृष्ठभूमि से लेकर वर्तमान परिदृश्य तक विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से विषय की दशा और दिशा पर प्रभावशाली एवं ज्ञानवर्धक व्याख्यान प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन कोमलेश वैष्णव ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन हिंदी विभागाध्यक्ष D.D. Mahant ने किया।
इस अवसर पर प्रो. एस. के. ताम्ब्रे, डॉ. टी. एल. मिर्झा, डॉ. व्ही. एम. अग्रवाल, प्रो. डी. के. चंद्रा, श्रीमती लक्ष्मी साहू, प्रो. अरविंद खाखा, श्री आशीष वर्मा, डॉ. आकाश वैष्णव, सुश्री किरण ठाकुर, सुश्री आयुषी बगड़े, श्रीमती शशि मिश्रा, सुश्री कमला सिदार, सुश्री प्रीतिमा डहरिया सहित एम.ए. हिंदी के समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
