कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब नवा बरपारा कोहड़िया मार्ग किनारे झाड़ियों में एक युवक का खून से लथपथ शव मिला। प्रारंभिक जांच में धारदार हथियार से हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान बसंत पटेल (37) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सोनसरी गांव का रहने वाला था और पिछले तीन वर्षों से कोरबा के दुरपा सर्वमंगला बरमपुर इलाके में किराए के मकान में रह रहा था। बसंत इंडस्ट्रियल एरिया स्थित संजय फैक्ट्री में काम करता था।
घटनास्थल पर खून के धब्बे और शव को घसीटने के निशान मिले हैं, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि हत्या कहीं और कर शव को झाड़ियों में फेंका गया। सुबह टहलने निकले राहगीरों ने शव देखा और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई।
बसंत के दोस्त राकेश पटेल के अनुसार, वह शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे फैक्ट्री जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। शनिवार सुबह उसके हत्या की सूचना मिली। बताया जा रहा है कि बसंत दो दिन पहले ही अपने छोटे भाई की शादी में शामिल होकर गांव से कोरबा लौटा था। उसकी पत्नी और दो बच्चे फिलहाल गांव में ही हैं। पत्नी बरमपुर के एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं।
सीएसईबी चौकी प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फैक्ट्री कर्मचारियों व मृतक के परिचितों से पूछताछ कर रही है फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
कोरबा: झाड़ियों में मिली युवक की लाश, धारदार हथियार से हत्या की आशंका
