जंगल में पेड़ से लटका मिला नर कंकाल, मार्च से था लापता, जांच में जुटी पुलिस

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले के रजगामार इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सुआपहाड़ जंगल में एक पेड़ से लटका नर कंकाल मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बाद में उसकी पहचान दरगा निवासी 45 वर्षीय मान सिंह के रूप में की गई, जो पिछले कई महीनों से लापता थे।

बुधवार सुबह ग्रामीणों की नजर घने जंगल के भीतर पेड़ से लटके कंकाल पर पड़ी। इसके बाद तत्काल रजगामार पुलिस चौकी को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी विनोद सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। बताया जा रहा है कि कंकाल पहाड़ी के करीब 25 किलोमीटर अंदर दुर्गम जंगल क्षेत्र में मिला।

परिजनों ने मौके पर मिले कपड़े और अन्य सामान देखकर मृतक की पहचान मान सिंह के रूप में की। परिवार के अनुसार मान सिंह खेती-किसानी करते थे और होली के बाद अचानक घर से लापता हो गए थे। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तब परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच में फॉरेंसिक टीम की भी मदद ली जा रही है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, लेकिन मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और जंगल से मिले अन्य साक्ष्यों को भी जब्त किया गया है।

Share This Article