कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन रेलवे लाइन से लाखों रुपए कीमत के रेलवे विद्युत खंभों की चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक सुरकछार से सेन्दुरगढ़ पसान तक निर्माणाधीन रेलवे लाइन में ओवरहेड इलेक्ट्रिकल कार्य चल रहा था। कार्य के लिए रखे गए 102 रेलवे विद्युत खंभे चोरी हो गए थे, जिनकी कीमत करीब 42.41 लाख रुपए बताई गई है। मामले की शिकायत आरएस इन्फा प्रोजेक्ट कंपनी के प्रतिनिधि अनीश कुमार सिंह ने थाना बांकीमोंगरा में दर्ज कराई थी।
जांच के दौरान पुलिस को अकलतरा क्षेत्र में ट्रक क्रमांक CG 10 R 1744 के साथ चोरी किए गए खंभों के कटे हुए टुकड़े मिले। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी गैस कटर से खंभों को काटकर चोरी करते थे और उन्हें दूसरे जिलों में खपाने की तैयारी थी।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर धरम सिंह राजपूत और फिरोज उर्फ राजा खान को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर गैस सिलेंडर, गैस कटर और घटना में प्रयुक्त ट्रक जब्त किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर उपजेल कटघोरा भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी धरम सिंह राजपूत बांकीमोंगरा थाना का निगरानी बदमाश भी है।
गिरफ्तार आरोपी:-
01. धरम सिंह राजपूत पिता– जानकारी प्राप्त होना शेष निवासी– बांकीमोंगरा, जिला कोरबा।
02. फिरोज उर्फ राजा खान पिता– जानकारी प्राप्त होना शेष निवासी– कुसमुण्डा, जिला कोरबा।
